ग्रामीण विधायक रेणुका सिंह का हुआ जोरदार स्वागत,नई लेदरी में विधायक ने भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं से की मुलाकात

मनेंद्रगढ़ जिला एमसीबी भरतपुर सोनहत से विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह का नगर पंचायत नई लेदरी में भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य महिला मोर्चा मनीषा महेन्द्र चंदेल के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। स्थानीय कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया, वहीं आगामी नगरीय निकाय चुनाव में भी भाजपा को पूर्ण सहयोग देने का वादा किया,इस अवसर पर रेणुका सिंह ने कहा कि मैं आप सबकी आभारी हूं। आप लोगों ने हमेशा मेरा सहयोग किया और भरतपुर सोनहत विधानसभा में आपने जिताया। आप लोगों द्वारा आज किया जा रहा सम्मान इस बात की गवाही दे रहा है कि आगे भी भाजपा को आपका सहयोग मिलेगा। विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आशीर्वाद से भरतपुर सोनहत विधानसभा में विकास कार्य हो रहे हैं। विकास कार्यों के लिए धन की कमी को आड़े नही आने दिया जायेगा।
कांग्रेस की सरकार ने जो कार्य नही किये, वो कार्य भाजपा की सरकार करके दिखायेगी। रेणुका सिंह ने इस दौरान छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और सभी से उसका लाभ लेने का आग्रह किया। कार्यक्रम में नगर पंचायत नई लेदरी की अध्यक्ष सरोज यादव, उपाध्यक्ष इन्द्र पटेल, सीएमओ अंजना वाइक्लिफ, महेन्द्र चंदेल, मंडल अध्यक्ष विनोद गुप्ता, वीरेन्द्र सिंह राणा, आक्रांत पाण्डेय के साथ बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।