कबीरधाम (कवर्धा)राजनीति और सामुदायिक कार्यक्रमसमाचार

कवर्धा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा जनजातीय गौरव दिवस के भव्य आयोजन और धान खरीदी महापर्व के शुभारंभ में हुए शामिल

कवर्धा। जिले में शनिवार को उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा दो महत्वपूर्ण आयोजनों का केंद्र बना। जहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस में शिरकत कर जनजातीय अस्मिता और सांस्कृतिक वैभव को नई ऊर्जा दी, वहीं बोड़ला विकासखंड के महराजपुर धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महापर्व का विधिवत शुभारंभ किया।

जनजातीय गौरव दिवस: प्रधानमंत्री से वर्चुअल जुड़ाव, परंपरा और पहचान का उत्सव

पीजी कॉलेज डोम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने की। भगवान बिरसा मुंडा के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह से वर्चुअली जुड़े और जनजातीय समुदाय को संबोधित करते हुए समाज की वीर परंपराओं, सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्र निर्माण में उनके अनुपम योगदान को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाना केवल एक परंपरा नहीं बल्कि भारत की आदिवासी संस्कृति को राष्ट्रीय स्मृति में अमिट बनाए रखने का संकल्प है।

कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री शर्मा ने विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया। स्टॉलों में जनजातीय आजीविका आधारित उत्पादों, पारंपरिक कला तथा शासकीय योजनाओं की उपलब्धियों को सजीव रूप से प्रस्तुत किया गया था। समारोह में जनजातीय समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नागरिकों, युवाओं और महिलाओं का सम्मान भी किया गया। प्रधानमंत्री जनमन योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबियाँ और कृषकों को मसूर मिनी किट प्रदान किए गए। उपमुख्यमंत्री ने रेंगाखर और कवर्धा सहित कई स्थानों पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाएँ स्थापित करने की घोषणा कर उत्सव को और ऐतिहासिक बना दिया।

धान खरीदी महापर्व: किसानों का तिलक कर शुभारंभ, खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन से पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सीधे महराजपुर धान उपार्जन केंद्र पहुंचे, जहाँ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत परंपरा के साथ की गई। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने किसानों को तिलक लगाया, श्रीफल भेंट किया और किसान भगत कौशिक के 36 क्विंटल धान की खरीद कर इस वर्ष की खरीदी प्रक्रिया का उद्घाटन किया।

केंद्र में 769 पंजीकृत किसान और 675.99 हेक्टेयर रकबा दर्ज है, जबकि इस सत्र में 35,489 क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपमुख्यमंत्री ने किसानों से संवाद कर खरीदी केंद्रों में की गई व्यवस्थाओं टोकन, परिवहन, बोरा उपलब्धता और तौल प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस वर्ष “मोदी की गारंटी” के अनुरूप किसानों के हित में कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं, जिनका सीधा लाभ किसानों को मिलेगा।

महराजपुर समिति के अंतर्गत महराजपुर, कांपा, जीताटोला और डगनिया के किसान अपनी उपज बेचने पहुँचते हैं, जहाँ खरीदी केंद्र की गतिविधियाँ इस बार विशेष रूप से व्यवस्थित दिखाई दीं।

Devdutt Sahu

देवदत्त साहू — संपादक, Indian Jagran (IndianJagran.in)। पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय देवदत्त साहू समाचारों की तथ्यपरकता, विश्वसनीयता और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हैं। राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार, स्थानीय घटनाक्रम और समसामयिक विषयों पर समाचारों के संपादन एवं प्रस्तुतीकरण में उनकी विशेष रुचि है।

Related Articles

Back to top button