छत्तीसगढ़राजनीति और सामुदायिक कार्यक्रमसमाचार

जनजातीय गौरव दिवस: 20 नवंबर को अंबिकापुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी शामिल

अंबिकापुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को अंबिकापुर पहुंचेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियों ने गति पकड़ ली है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनजातीय गौरव दिवस की घोषणा के बाद से प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को यह पर्व देशभर में बड़े पैमाने पर मनाया जाता है। इस वर्ष सरगुजा संभाग मुख्य केंद्र रहेगा, जहां अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में 19 और 20 नवंबर को दो दिवसीय भव्य आयोजन प्रस्तावित है। राष्ट्रपति मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में 20 नवंबर को कार्यक्रम में शामिल होंगी, जो आयोजन का मुख्य आकर्षण होगा।

राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगी और आदिवासी समाज की संस्कृति, गौरव और संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर मार्गदर्शन देंगी। कार्यक्रम को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है, वहीं सुरक्षा और व्यवस्थाओं के मद्देनज़र पुलिस व प्रशासन पूरी तैयारी में जुटा है।

कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए नवा रायपुर में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर, संयुक्त सचिव बी.एस. राजपूत, अपर संचालक संजय गौड़, नोडल अधिकारी गायत्री नेताम सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सरगुजा संभाग के सभी जिलों के सहायक आयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और कार्यक्रम से संबंधित व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

Devdutt Sahu

देवदत्त साहू — संपादक, Indian Jagran (IndianJagran.in)। पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय देवदत्त साहू समाचारों की तथ्यपरकता, विश्वसनीयता और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हैं। राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार, स्थानीय घटनाक्रम और समसामयिक विषयों पर समाचारों के संपादन एवं प्रस्तुतीकरण में उनकी विशेष रुचि है।

Related Articles

Back to top button