धमतरी/धमतरी प्रीमियर लीग (DPL) के फाइनल मुकाबले में रामपुर ने एक बार फिर अपनी ताकत साबित करते हुए हटकेश्वर को 76 रनों के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। 12 ओवर के इस रोमांचक मुकाबले में रामपुर की टीम शुरू से अंत तक पूरी तरह हावी नजर आई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रामपुर की टीम ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए निर्धारित 12 ओवरों में 145 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की जीत के हीरो रहे विकी ध्रुवंशी, जिन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 16 गेंदों में 55 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में चौकों-छक्कों की बरसात ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हटकेश्वर की टीम रामपुर की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं पाई। बल्लेबाज शुरुआत से ही दबाव में दिखे और पूरी टीम पूरा ओवर भी नहीं खेल सकी हटकेश्वर की पारी महज 69 रन पर सिमट गई।
रामपुर की ओर से गेंदबाजी में भी विकी ध्रुवंशी ने कमाल दिखाया। उन्होंने 3 ओवर में केवल 15 रन देकर 1 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया और बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी मैच का रुख बदल दिया। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
इस शानदार टूर्नामेंट का सफल आयोजन सकुश गुप्ता, एवं मॉर्निंग क्रिकेट क्लब द्वारा किया गया, जिनकी बेहतरीन व्यवस्थाओं और प्रयासों से DPL एक बार फिर धमतरी का सबसे चर्चित क्रिकेट महाकुंभ बनकर उभरा।
रामपुर की इस जीत ने साबित कर दिया कि अनुभव, आत्मविश्वास और टीमवर्क के दम पर ही खिताब जीता जाता है। मैदान में खिलाड़ियों के जज्बे और दर्शकों के उत्साह ने फाइनल को यादगार बना दिया।
