
धमतरी/जिले के भखारा रोड पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार दोपहर बाद ग्राम देमार के पास एक दर्दनाक दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर के बंधवा पारा पुरानी बस्ती निवासी सलीम खान (35 वर्ष) अपने दो छोटे बच्चों के साथ धमतरी आ रहे थे। वह एक्टिवा से सफर कर रहे थे कि तभी तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ा। हादसे में सलीम खान व उनके दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। तुरंत एंबुलेंस की मदद से तीनों को डीसीएच लाया गया। लेकिन इलाज के दौरान सलीम खान की मौत हो गई। वहीं दोनों बच्चों की हालत नाजुक होने के चलते डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि भखारा रोड पर लगातार तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। बावजूद इसके सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम नजर नहीं आते। एक ओर प्रशासन सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाकर जागरूकता फैलाता है, तो दूसरी ओर लापरवाह ड्राइविंग की वजह से मासूम जिंदगी मौत के मुंह में समा रही है।
यह ताजा हादसा फिर एक सवाल खड़ा करता है—आखिर भखारा रोड पर हादसे कब थमेंगे? क्या प्रशासन सख्ती से नियम लागू करेगा या फिर सड़कें यूं ही खून से रंगती रहेंगी?
