
धमतरी/गणेश चतुर्थी पर इस बार शहर में 180 से अधिक छोटे-बड़े पंडालों की भव्य सजावट ने माहौल को भक्तिमय बना दिया है। दूसरे दिन से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पंडालों में उमड़ रही है।
शहर के कोने-कोने में स्थापित गणपति प्रतिमाएं आकर्षक झांकियों और साज-सज्जा से लोगों को खींच रही हैं। कहीं स्वर्णिम लाइटिंग तो कहीं धार्मिक कथाओं पर आधारित थीम दर्शकों को लुभा रही है। युवा वर्ग सोशल मीडिया पर उत्सव की झलकियां साझा कर रहा है।
पंडाल समितियों ने भीड़ प्रबंधन और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की है। ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा शहर गूंज रहा है। आने वाले दिनों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं, भजन संध्या और महाआरती से उत्सव का रंग और गहराने वाला है।

