धमतरी/ शहर के मुख्य बस स्टैंड पर अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या थमने का नाम नहीं ले रही है। बस संचालक और व्यापारियों के बीच आए दिन नोकझोंक की स्थिति बन जाती है। व्यापारियों का कहना है कि शाम 6 बजे से ही बसों को स्टैंड परिसर में खड़ा कर दिया जाता है, जिससे दुकानों के सामने जाम लग जाता है और व्यापार पर सीधा असर पड़ता है।

इसी समस्या को लेकर शनिवार को आरटीओ अधिकारी, ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम प्रशासन की टीम ने बस स्टैंड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्टैंड परिसर में केवल वही बस खड़ी रहेगी, जो निर्धारित समय पर निकलने वाली है। बेवजह बस खड़ा करने वालों पर सख्ती की जाएगी।
गौरतलब है कि अव्यवस्थित पार्किंग के कारण न केवल व्यापारियों को नुकसान हो रहा है, बल्कि आम यात्रियों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ट्रैफिक जाम की स्थिति बार-बार उत्पन्न होती है, जिससे व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ जाती है।जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन लगभग 200 से अधिक बसें धमतरी बस स्टैंड से गुजरती हैं। इतनी बड़ी संख्या में बसों की आवाजाही के बीच अगर पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
