indianjagran.in
धमतरी

गांवों की तस्वीर बदलने की तैयारी, कलेक्टर ने पंचायत सचिवों को दिया सख्त अल्टीमेटम

धमतरी/कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सोमवार को धमतरी, कुरुद, मगरलोड और नगरी विकासखंड के पंचायत सचिवों की अहम बैठक ली। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन, कर वसूली, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और स्वच्छता कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

कलेक्टर ने साफ चेतावनी दी कि कर वसूली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सचिवों को “समर्थ पंचायत पोर्टल” पर समय पर ऑनलाइन एंट्री करने और करारोपण अधिकारी को अधिकतम वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कम वसूली करने वाले सचिवों पर वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई होगी।

बैठक में पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के लंबित मकानों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया। नगरी और मगरलोड क्षेत्र की कमजोर पंचायतों पर कलेक्टर ने खास निगरानी रखने को कहा। वहीं, अटल सुविधा केंद्र भोथापारा, ठेनही, बोरई और फरसिया के अधूरे कार्य एक माह में पूर्ण कराने और सभी निर्माण कार्यों का मूल्यांकन एसडीओ से कराने के आदेश दिए।

कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिया कि 2 से 10 अक्टूबर तक सभी ग्राम सभाओं में वृक्षारोपण और स्वच्छता कार्यक्रम अनिवार्य रूप से किए जाएं। साथ ही, मनरेगा से बने डबरी और तालाबों में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने और एविश सर्वे कराने के निर्देश दिए।

इस बैठक में जिला पंचायत की सीईओ रोमा श्रीवास्तव, जनपद पंचायत सीईओ, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अभियंता, करारोपण अधिकारी समेत बड़ी संख्या में पंचायत सचिव मौजूद रहे।

 

Related posts