धमतरी/ मगरलोड पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम अमलीडीह में दबिश देकर बिना नंबर की सफेद पिकअप वाहन से क्रूरता पूर्वक भरी गई 05 गायों को सुरक्षित बरामद किया। मौके पर चार आरोपी भागने का प्रयास कर रहे थे जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार, आरोपी चांद कुर्रे, राहुल कुर्रे, दुर्गेश ध्रुव और लीलाधर जोगी बिना दस्तावेजों के मवेशियों का परिवहन कर रहे थे। गवाहों की मौजूदगी में वाहन व 05 गायों को जप्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मवेशियों की अनुमानित कीमत लगभग 25 हजार रुपए आंकी गई है।

थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 138/2025 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला कायम किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
