धमतरी/ साहित्य जगत के उज्ज्वल सितारे, प्रसिद्ध हास्य-व्यंग्य कवि और अखिल भारतीय कवि सम्मेलनों के लोकप्रिय मंच संचालक श्री सुरजीत नवदीप के निधन से पूरा प्रदेश शोकाकुल है। उनकी सहज हास्य शैली और व्यंग्य की गहराई ने उन्हें जनमानस में विशेष पहचान दिलाई।
उपनेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “सुरजीत नवदीप जी ने न केवल अपने हास्य से लोगों को गुदगुदाया, बल्कि समाज की विसंगतियों को व्यंग्य के माध्यम से उजागर कर नई दिशा दी। वे सच्चे अर्थों में साहित्य जगत के पथप्रदर्शक थे। उनका जाना धमतरी ही नहीं बल्कि पूरे साहित्यिक समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।”
उन्होंने आगे कहा कि “साहित्य मंच पर उनकी आवाज़, उनकी रचनाएं और उनका जीवंत व्यक्तित्व सदैव हमारी स्मृतियों में अमर रहेगा। युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा मिलती रहेगी। आज हम सबने एक ऐसा रत्न खो दिया है जिसकी भरपाई असंभव है।”
विशु देवांगन ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
