indianjagran.in
धमतरी

बिजली बिल से मुक्ति, बचत और आत्मनिर्भरता का रास्ता

धमतरी/प्रधानमंत्री सूर्यघर-मुफ्त बिजली योजना आम उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। इस योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार मिलकर डबल सब्सिडी दे रही हैं। बढ़ते बिजली बिल से जूझ रहे परिवार अब इस योजना से न केवल बिल शून्य कर पा रहे हैं बल्कि अतिरिक्त बिजली बेचकर आर्थिक लाभ भी कमा रहे हैं।

योजना के अंतर्गत घरों की छत पर सोलर रूफटॉप लगाने पर शासन द्वारा अनुदान राशि प्रदान की जाती है। उपभोक्ता अपनी आवश्यकता से अधिक बिजली उत्पादन कर ग्रिड को सप्लाई कर सकते हैं। इससे उनका बिजली बिल पूरी तरह खत्म हो जाता है और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता मिलती है।

कुरुद निवासी ललित चंद्राकर इसका जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने तीन माह पहले अपने घर की छत पर 3 केवी का सोलर पैनल लगवाया। संयंत्र चालू होते ही उनके घर में बिजली उत्पादन शुरू हो गया और पहले महीने से ही उनका बिल शून्य आने लगा। उन्हें शासन की ओर से लगभग 78,000 रुपये की सब्सिडी मिली है। श्री चंद्राकर बताते हैं कि केवल 2-3 वर्षों में पूरी लागत वसूल हो जाएगी और इसके बाद यह शुद्ध बचत का जरिया बनेगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को इस उपयोगी पहल के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही लोगों से अपील की कि वे भी इस योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।

योजना में पंजीयन और सब्सिडी प्राप्त करने की प्रक्रिया भी सरल रखी गई है। उपभोक्ता वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए आवेदन कर सकते हैं। अधिकृत वेंडर द्वारा संयंत्र स्थापना और सत्यापन के बाद सब्सिडी की राशि सीधे उपभोक्ता के खाते में जमा कर दी जाती है।

यह योजना न केवल आम लोगों को आर्थिक लाभ दे रही है बल्कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Related posts