बच्चों में वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा जगाएगी धमतरी की विज्ञान वाटिका — विज्ञान को किताबों से बाहर लाने की अनूठी पहल
धमतरी/शिक्षा और पर्यटन को एक नई दिशा देने के उद्देश्य से धमतरी जिले में ‘विज्ञान वाटिका (साइंस पार्क)’ की शुरुआत हुई। पं. रविशंकर जलाशय परियोजना गंगरेल के बरूवा गार्डन में विकसित इस अभिनव पार्क का लोकार्पण लोकसभा सांसद रूप कुमारी चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इसके साथ ही यह पार्क अब आम नागरिकों और विद्यार्थियों के लिए खुल गया है।

“भविष्य के वैज्ञानिकों के लिए प्रेरणास्थल बनेगी यह वाटिका” — सांसद चौधरी
सांसद रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि विज्ञान वाटिका बच्चों के ज्ञानार्जन का जीवंत केंद्र बनेगी। यहाँ विज्ञान अब केवल पुस्तकों में सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विद्यार्थी प्रत्यक्ष अनुभवों के माध्यम से उसे समझ सकेंगे। यह पहल बच्चों में तार्किक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना को मजबूत करेगी।उन्होंने जिला प्रशासन, स्कूल शिक्षा विभाग और समग्र शिक्षा अभियान द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के प्रयासों की सराहना की। सांसद ने कहा कि इस तरह की पहलें ही भविष्य के वैज्ञानिकों और आविष्कारकों को जन्म देती हैं।
“गंगरेल में शिक्षा और पर्यटन का अनोखा संगम” — महापौर रामू रोहरा
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि गंगरेल पहले से ही एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, और अब यहाँ साइंस पार्क की स्थापना से शिक्षा और पर्यटन का सुंदर मेल देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पार्क विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए प्रेरणादायक स्थल बनेगा, जहाँ मनोरंजन के साथ सीखने का अवसर भी मिलेगा।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताईं विज्ञान वाटिका की विशेषताएँ
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि लगभग 10,000 वर्गफीट क्षेत्र में निर्मित इस विज्ञान वाटिका में 28 आउटडोर और 40 इनडोर वैज्ञानिक उपकरण लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि ये उपकरण स्वचालित और इंटरैक्टिव हैं, जिससे विद्यार्थी विज्ञान को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव कर सकेंगे गंगरेल जलाशय प्रदेश का प्रमुख पर्यटन स्थल है। यहाँ हर वर्ष हजारों पर्यटक आते हैं। इसी को देखते हुए शिक्षा और पर्यटन को जोड़ने की दिशा में यह कदम उठाया गया है।
साइंस पार्क की मुख्य विशेषताएँ
ओपन-एयर प्रदर्शनी: गुरुत्वाकर्षण, प्रकाश, ध्वनि, ऊर्जा परिवर्तन, लीवर, पुली जैसे वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित मॉडल खुले वातावरण में स्थापित।
इंटरैक्टिव उपकरण: विद्यार्थी इन्हें स्वयं चलाकर, घुमाकर या प्रयोग करके विज्ञान की मूल अवधारणाओं को समझ सकते हैं।
पर्यावरण अनुकूल वातावरण: हरियाली से घिरे इस उद्यान में विद्यार्थी खेल-खेल में सीखने का आनंद लेंगे।
विशेष आकर्षण: प्रसिद्ध वैज्ञानिकों की प्रतिमाएँ, कृत्रिम उपग्रह का चलित मॉडल, तरंग गति, ब्लैक होल प्रदर्शन, मानव नेत्र की कार्यप्रणाली, रंगों का मिश्रण और अनंत पथ जैसे रोचक प्रदर्शन।
नई दिशा में बढ़ता धमतरी
बरूवा गार्डन स्थित यह ‘विज्ञान वाटिका’ धमतरी जिले के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और प्रेरणा का केन्द्र बनेगी।
यह न केवल शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देगी, बल्कि प्रदेश के शैक्षणिक और पर्यटन मानचित्र पर धमतरी को नई पहचान प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक रंजना साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष अंगीरा ध्रुव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, सभापति मोनिका देवांगन, शिक्षा अधिकारी, पंच-सरपंच और अनेक नागरिक उपस्थित रहे।
