indianjagran.in
धमतरी

रिक्शा में सफर बना वारदात का जरिया, धमतरी पुलिस ने महाराष्ट्र की महिला चोर गैंग को दबोचा

धमतरी/एसपी धमतरी के निर्देशन में धमतरी पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए महाराष्ट्र से सक्रिय शातिर महिला चोरों के अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। ई-रिक्शा में यात्रियों के साथ बैठकर नकदी उड़ाने वाली तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 दिसंबर 2025 को मराठापारा निवासी सरिता त्रिपाठी अपने मकान निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को भुगतान करने के लिए 20 हजार रुपये नगद बैग में रखकर गणेश चौक से कारगिल चौक जा रही थीं। इसी दौरान रामबाग के पास तीन अज्ञात महिलाएं ई-रिक्शा में सवार हुईं और विंध्यवासिनी मंदिर के पास उतर गईं। कारगिल चौक पहुंचने पर जब प्रार्थिया ने किराया देने के लिए बैग खोला तो उसमें रखी पूरी नगदी गायब मिली।

मामले की सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 352/2025 धारा 305 (b), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की तलाश तेज की।
जांच के दौरान तीनों महिलाएं विंध्यवासिनी मंदिर के पास घूमती मिलीं, जिन्हें हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदात कबूल की।

आरोपियों के कब्जे से कुल 8,680 रुपये नकद राशि जप्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों में प्रिया इंचुरकर (नागपुर), रंजू सेंडे (गोंदिया) और संगीता पाथरे (नागपुर) शामिल हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपिया प्रिया इंचुरकर का पूर्व में रायपुर के गोलबाजार थाना क्षेत्र में इसी तरह का अपराध दर्ज है। गिरोह का तरीका ई-रिक्शा में यात्रा कर रहे यात्रियों को निशाना बनाकर धक्का-मुक्की के दौरान बैग से नकदी चोरी करना बताया गया है।

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों और ई-रिक्शा जैसी सवारी में सफर के दौरान सतर्क रहें, अपने पर्स व बैग सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 या 100 पर दें।

Related posts