indianjagran.in
अपराध (जुर्म)छत्तीसगढ़धमतरीपुलिस विभाग

सिर्री पुल हत्याकांड में न्याय की जीत: वैज्ञानिक विवेचना से आरोपी को आजीवन कारावास, धमतरी पुलिस की बड़ी सफलता

धमतरी/सिर्री पुल हत्याकांड में धमतरी पुलिस की सटीक, वैज्ञानिक एवं प्रभावी विवेचना के चलते माननीय न्यायालय ने आरोपी को दोषसिद्ध ठहराते हुए आजीवन कारावास एवं 07 वर्ष के सश्रम कारावास की कठोर सजा सुनाई है। यह निर्णय पुलिस की पेशेवर दक्षता और मजबूत विवेचना का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 अक्टूबर 2024 को ग्राम सिर्री रोड स्थित बड़े नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर चौकी बिरेझर पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। जांच में मृतक की पहचान ग्राम कंडेल निवासी किशोर साहू (22 वर्ष) के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं घटनास्थल निरीक्षण में मृतक के दोनों हाथ पीछे से तथा पैर बंधे पाए जाने पर यह स्पष्ट हो गया कि यह एक सुनियोजित हत्या है।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने परिस्थितिजन्य साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और गहन पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि मृतक को अंतिम बार ग्राम गागरा निवासी मुकेश साहू (27 वर्ष) के साथ देखा गया था। हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि शराब सेवन के दौरान वह मृतक को नहर किनारे ले गया, हाथ-पैर बांधकर पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के उद्देश्य से मोबाइल फोन, नंबर प्लेट सहित अन्य सामग्री नहर में फेंक दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की।

यह प्रकरण इसलिए भी चुनौतीपूर्ण था क्योंकि मृतक थाना अर्जुनी क्षेत्र का निवासी था, हत्या कुरुद थाना क्षेत्र के पास की गई और शव चौकी बिरेझर क्षेत्र से मिला, साथ ही कोई प्रत्यक्षदर्शी गवाह भी नहीं था। इसके बावजूद धमतरी पुलिस ने वैज्ञानिक पद्धति से साक्ष्य संकलन कर एक मजबूत केस तैयार किया।

पूरे विचारण के पश्चात माननीय अपर सत्र न्यायाधीश, द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायालय धमतरी ने आरोपी मुकेश साहू को दोषसिद्ध करते हुए आजीवन कारावास, 07 वर्ष के सश्रम कारावास एवं अर्थदंड की सजा सुनाई।

इस उल्लेखनीय विवेचना के लिए पुलिस अधीक्षक धमतरी  सूरज सिंह परिहार ने तत्कालीन चौकी प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत साहू को सेवा पुस्तिका में प्रशंसा अंक एवं 500 रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। यह सफलता धमतरी पुलिस की प्रतिबद्धता और अपराध नियंत्रण के प्रति मजबूत संकल्प को दर्शाती है।

Related posts