धमतरी/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मगरलोड विकासखंड के ग्राम करेलीबड़ी में छत्तीसगढ़ के 51 महतारी सदन भवनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर कुरूद विधानसभा क्षेत्र के 4 महतारी सदन भवन भी शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने फीता काटकर भवनों का शुभारंभ किया और महिलाओं को सशक्तिकरण की नई सौगात दी।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, राजस्व एवं प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि एवं पंचायत विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक विशेष रूप से उपस्थित थीं।
आस्था समूह की महिलाओं ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री साय ने समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनकी आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि महतारी सदन केवल एक भवन नहीं, बल्कि यह महिलाओं के सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण का केंद्र है। उन्होंने महिलाओं को संदेश देते हुए कहा कि सदन को अपना घर समझकर स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखना सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आस्था महिला संकुल संगठन करेलीबड़ी को महतारी सदन का हस्तांतरण प्रणाम पत्र भी सौंपा। कार्यक्रम स्थल पर उन्होंने परिसर में मोलश्री का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

