
धमतरी/कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को समय-सीमा की बैठक हुई। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को रजत महोत्सव पोर्टल पर जिले की 25 वर्षों की उपलब्धियों और कार्यक्रमों से जुड़ी प्रविष्टियाँ शीघ्र अपलोड करने के निर्देश दिए।
🔹 अग्निवीर भर्ती को लेकर जागरूकता पर जोर
कलेक्टर ने कहा कि जनवरी 2026 में धमतरी जिले में भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित होगी। कई वर्षों बाद होने वाली इस भर्ती को लेकर विद्यालयों और महाविद्यालयों में पात्र युवाओं को पंजीयन हेतु प्रेरित करने कहा।
🔹 पंचायतों की आय व सफाई व्यवस्था पर बल
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रोमा श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए कर वसूली की जाए। साथ ही बड़े ग्राम पंचायतों के चौक-चौराहों पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित हो।

🔹 शिक्षा और परीक्षाओं पर निर्देश
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यार्थियों को समय पर पुस्तक वितरण और आगामी माह के प्रथम सप्ताह से तिमाही परीक्षा शुरू कराने के निर्देश दिए।
🔹 वन विभागीय प्रकरणों का शीघ्र निराकरण
वनमंडलाधिकारी जाधव श्रीकृष्ण ने विभागीय अधिकारियों से समस्याओं के समाधान हेतु सीधे संपर्क करने की अपील की, ताकि लंबित प्रकरणों का जिला स्तर पर तुरंत निपटारा हो सके।
🔹 जनगणना 2027 होगी डिजिटल
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2027 की जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी। एसडीएम, तहसीलदार और सीएमओ नगरपालिका को समय पर सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने निर्देश दिए गए।
🔹 सोलर पैनल स्थापना पर जोर
कलेक्टर ने विद्युत विभाग को प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना अंतर्गत घरों पर सोलर पैनल स्थापना हेतु विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की बैठक आयोजित करने कहा। उन्होंने बताया कि 3 किलोवाट का यूनिट लगाने से 1-2 वर्ष में ही लागत की राशि वसूल हो जाती है।
🔹 किसानों को विविध फसलों की खेती हेतु प्रेरित करें
कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे कृषि चौपाल आयोजित कर किसानों को ऑयल पाम, औषधीय पौधों, दलहन, तिलहन और मक्का जैसी फसलों की खेती के लिए जागरूक और प्रोत्साहित करें।

