सात सूत्रीय मांगों को लेकर विपक्षी पार्षदों का सात दिवसीय धरना प्रदर्शन शुरू
धमतरी/नगर निगम में व्याप्त बदहाल प्रशासनिक व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं की लगातार अनदेखी एवं बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस पार्षद दल द्वारा जनभावनाओं के अनुरूप सात दिवसीय धरना प्रदर्शन की शुरुआत आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई।
धरना प्रदर्शन की शुरुआत विशेष रूप से महिला पार्षदों द्वारा गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं शंखनाद कर की गई, जो अन्याय, भ्रष्टाचार और जनविरोधी व्यवस्था के खिलाफ जनजागरण और संघर्ष का प्रतीक है। महिला पार्षदों का यह शंखनाद नगर निगम में व्याप्त अव्यवस्थाओं के विरुद्ध चेतावनी स्वरूप रहा।
यह धरना केवल एक राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि आम नागरिकों की पीड़ा, आक्रोश और टूटते भरोसे की आवाज़ है। नगर निगम क्षेत्र में पेयजल, सफाई, सड़क, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएँ चरमराई हुई हैं, वहीं प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार ने जनता के जीवन को और अधिक कठिन बना दिया है। जनता द्वारा चुनी गई सरकार से जो उम्मीदें थीं, वे आज पूरी तरह से टूटी हुई नजर आ रही हैं।
कांग्रेस पार्षद दल ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन जनता के हक और सम्मान की लड़ाई है। जब तक नगर निगम की व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता नहीं दी जाएगी, तब तक यह शांतिपूर्ण धरना जारी रहेगा।
जिसने मुख्य रूप से नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर , उपनेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, विधायक प्रतिनिधि आकाश गोलछा,पार्षद सुमन मेश्राम,सूरज गहरवाल, पूर्णिमा गजानंद रजक,योगेश लाल, रामेश्वरी कौसरे,उमा भागी ध्रुव,पूर्व पार्षद राजेश ठाकुर, राजेश पांडे, ज्योति वाल्मीकि,कमलेश सोनकर,अजय चोवा राम वर्मा,शबीना अंजुम,श्याम देवांगन,अविनाश मरोठे,देवेंद्र देवांगन,कन्हैया सोनी,घनाराम सोनी उपस्थित रहे ।
