धमतरी/शहर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। एसपी धमतरी के निर्देश पर नगर निगम को प्रस्ताव भेजा गया है, जिसके तहत अपराध प्रवृत्ति वाले शहरी क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट लगाए जाएंगे।
पुलिस आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2025 के शुरुआती आठ महीनों में वर्ष 2023 और 2024 की तुलना में लगभग सभी प्रमुख अपराधों में 10 से 25 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई है। अब पुलिस का लक्ष्य अपराधों को और भी नियंत्रित करना है।
थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के 21 चिन्हांकित वार्डों में कई स्थान ऐसे पाए गए हैं, जहाँ असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। अंधेरा और सुनसान माहौल होने की वजह से अपराधी तत्व वारदात को आसानी से अंजाम दे देते हैं। ऐसे स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी न होने के कारण अपराधियों की पहचान और उन पर कार्यवाही में कठिनाई आती रही है।
ग़ौतलब है कि हाल के वर्षों में नशाखोरी की प्रवृत्ति के चलते चाकूबाजी, लूट, हत्या और मारपीट जैसी घटनाएँ बढ़ी थीं, लेकिन पुलिस ने अधिकतर मामलों में त्वरित कार्यवाही कर अपराधियों को गिरफ्तार किया। अब आधुनिक पुलिसिंग की दिशा में निगरानी और रोकथाम को और मजबूत करने की योजना बनाई गई है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों में धमतरी जिले में अपराध दर में गिरावट का श्रेय पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान, निगरानी फाइलों की नियमित जांच, जिला बदर कार्रवाई, बदमाशों की परेड और समय-समय पर की गई प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों को भी दिया जा रहा है।
धमतरी पुलिस का मानना है कि चिन्हांकित हॉटस्पॉट पर लाइट और सीसीटीवी लगने से अपराधियों का मनोबल टूटेगा, वारदातें कम होंगी और पुलिस को त्वरित कार्रवाई में आसानी होगी।
