धमतरी/नवरात्रि अष्टमी पर धमतरी पुलिस ने गांधी मैदान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर 108 गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए। इस मौके पर सायबर जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखाई गई और नुक्कड़ नाटक, पोस्टर-बैनर के जरिए सायबर अपराध, नशा मुक्ति और यातायात सुरक्षा पर नागरिकों को जागरूक किया गया।

अभियान से मिली राहत
एसपी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चल रहे गुम मोबाइल वापसी अभियान के तहत अब तक पुलिस ने तकनीकी व मानवीय संसाधनों की मदद से 108 मोबाइल बरामद कर लौटाए हैं। वहीं, थाना स्तर पर पूर्व कार्यवाहियों के दौरान 570 से अधिक मोबाइल पहले ही नागरिकों को वापस किए जा चुके हैं। मोबाइल मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया।

जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से—सायबर अपराध से बचाव : फिशिंग कॉल, फेक लिंक और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सावधानी।
यातायात नियम : हेलमेट व सीट बेल्ट का महत्व, नशे में वाहन चलाने से बचाव।
नशा मुक्ति : स्वस्थ व जिम्मेदार जीवन का संकल्प। इन संदेशों को सरल अंदाज में प्रस्तुत कर आम लोगों तक पहुँचाया गया।

हेलमेट वितरण व गुड सेमेरिटन सम्मान
यातायात सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए पुलिस ने 50 नि:शुल्क हेलमेट बांटे और साफ संदेश दिया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का कवच है। साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को अस्पताल पहुँचाने वाले दो गुड सेमेरिटन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

एसपी का संदेश
एसपी सूरज सिंह परिहार ने नागरिकों से कहा किसी भी प्रकार के लालच में न आएँ और हमेशा जागरूक रहें। जब आप सतर्क होंगे तो न केवल खुद सुरक्षित रहेंगे, बल्कि समाज को भी सुरक्षित रख पाएँगे।उन्होंने बताया कि इस वर्ष 100 से अधिक जन-जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए हजारों नागरिकों को सायबर सुरक्षा, नशा मुक्ति और यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी गई है।

पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया कि संदिग्ध गतिविधियों व साइबर ठगी की तुरंत सूचना पुलिस को दें।ऑनलाइन लेन-देन व सोशल मीडिया में सतर्क रहें।हेलमेट और सीट बेल्ट का हमेशा प्रयोग करें। नशा मुक्त, सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में भागीदार बनें।
कार्यक्रम में रही खास मौजूदगी
इस मौके पर एएसपी मणीशंकर चन्द्रा, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी मोनिका मरावी, कोतवाली प्रभारी राजेश मरई, यातायात प्रभारी, साइबर प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा सहित मीडिया प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और मोबाइल मालिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




