indianjagran.in
धमतरी

स्वाभिमान की गूंज से गूंजा धमतरी: छत्रपति शिवाजी जयंती पर मराठा समाज की भव्य रैली, शिवाजी चौक पर आतिशबाज़ी से जगमगाया आसमान

धमतरी/हिंदवी स्वराज के संस्थापक, पराक्रम और राष्ट्रगौरव के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर धमतरी में मराठा समाज द्वारा भव्य रैली का आयोजन किया गया। पूरे शहर में जय भवानी–जय शिवाजी के उद्घोष के साथ वातावरण शिवमय हो उठा।

रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन, युवा, महिलाएं और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। भगवा ध्वज लहराते हुए शिवभक्तों ने वीर शिवाजी के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद किया। ढोल-ताशों की गूंज और देशभक्ति नारों ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।

श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य आतिशबाजी शिवाजी चौक पर की गई। रंग-बिरंगी रोशनी से आसमान जगमगा उठा और उपस्थित लोगों ने तालियों व नारों के साथ शिवाजी महाराज को नमन किया।

रैली के दौरान समाज प्रमुखों ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल एक राजा नहीं, बल्कि स्वाभिमान, न्याय और धर्मरक्षा के प्रतीक हैं। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

समाज के पदाधिकारियों ने सभी से शिवाजी महाराज के आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
पूरे आयोजन में अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। धमतरी में शिवाजी जयंती का यह आयोजन सामाजिक एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देकर गया। 🚩

Related posts