ग्राम पंचायत रुद्री में ‘दीदी के गोठ’ प्रसारण और पंचायत दर्पण QR कोड का शुभारंभ
धमतरी/ ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के विशेष रेडियो कार्यक्रम “दीदी के गोठ” का प्रसारण आज ग्राम पंचायत रुद्री में हुआ। आयुक्त (मनरेगा) एवं जिले के नोडल अधिकारी श्री तारण प्रकाश सिन्हा ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व बिहान समूह की महिलाओं के साथ कार्यक्रम सुना। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव भी उपस्थित थीं।

आयुक्त ने कहा कि “दीदी के गोठ” केवल रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सुशासन परक सोच का प्रतिबिंब है, जिसका उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों को सामने लाना व उन्हें योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।
श्री सिन्हा ने ग्राम पंचायत रुद्री के “पंचायत दर्पण” QR कोड का शुभारंभ भी किया, जिसके माध्यम से पंचायत के मनरेगा कार्यों की जानकारी मोबाइल पर उपलब्ध होगी। उन्होंने स्वयं QR कोड स्कैन कर कार्यों का अवलोकन किया।

इस दौरान लखपति दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए—श्रीमती बिमला साहू ने मशरूम उत्पादन से आय की जानकारी दी, वहीं भारती साहू और राजकुमारी सिन्हा ने सीएससी से जुड़े अपने कार्य बताए।

कार्यक्रम उपरांत आयुक्त ने गंगरेल जाकर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत बने मॉडल हाउस का निरीक्षण किया।
