धमतरी/सिहावा चौक स्थित नूतन स्कूल में इस बार का शिक्षक दिवस बेहद खास रहा। नूतन स्कूल में रोटरी क्लब धमतरी ने शिक्षा सेवा की मिसाल पेश करते हुए विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। क्लब द्वारा न केवल विद्यालय की कंप्यूटर लैब को अपनी लागत से अपग्रेड कराया गया, बल्कि खराब पड़े कंप्यूटरों को भी मरम्मत कर बच्चों की पढ़ाई के लिए सुचारु रूप से तैयार किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राहुल अग्रवाल रहे, जिन्होंने रोटरी क्लब की इस पहल को समाज में शिक्षा उत्थान के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्य आने वाली पीढ़ी के भविष्य निर्माण में मील का पत्थर साबित होंगे।

रोटरी क्लब की टीम ने कंप्यूटर क्लास की शिक्षिका का छह महीने का वेतन विद्यालय को उपलब्ध कराया। इसके साथ ही एक जरूरतमंद छात्र की पूरे वर्ष की फीस जमा कर शिक्षा सेवा की दिशा में सराहनीय कदम उठाया। इस योगदान से यह संदेश गया कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधक नहीं बनना चाहिए।

रोटरी क्लब अध्यक्ष मनीष मित्तल ने कहा कि शिक्षा ही समाज का वास्तविक आधार है, और यदि बच्चों को तकनीकी शिक्षा का अवसर मिलेगा तो वे आने वाले समय में हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकेंगे। सचिव अर्पित जैन ने भी इस पहल को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया और कहा कि क्लब समय-समय पर शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह के कार्य करता रहेगा।

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी गुरुजनों का भी सम्मान किया गया। उन्हें शॉल, श्रीफल भेंटकर उनकी निष्ठा और परिश्रम को सराहा गया। उपस्थित जनों ने कहा कि गुरुजनों का सम्मान वास्तव में शिक्षा और संस्कृति का सम्मान है।

विद्यालय प्रबंधन ने रोटरी क्लब के इस योगदान पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ेगा और विद्यालय की गुणवत्ता में निखार आएगा। इस अवसर पर रोटरी क्लब के समस्त सदस्य, शिक्षक ,बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं,अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
