धमतरी/जिले में नशा उन्मूलन अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी धमतरी के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुंदरगंज वार्ड स्थित डागा धर्मशाला के पास हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री में लिप्त दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देते हुए आरोपी मोहम्मद शाहिर खत्री (21 वर्ष) और मंदीप सिंह (32 वर्ष) को पकड़ा। दोनों के कब्जे से 2.4 ग्राम हेरोइन, जिसकी बाजार कीमत करीब 48,000 रुपये है, बरामद की गई। इसके साथ ही पुलिस ने सिल्वर फॉयल, एक लाईटर, 30 रुपये नगद तथा दो मोबाइल फोन सहित कुल 68,030 रुपये का माल जप्त किया है।
सिटी कोतवाली में इनके खिलाफ अपराध क्र. 315/25, धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई उस सुराग के आधार पर की गई, जो तीन दिन पहले हुई गिरफ्तारी से मिले थे। उल्लेखनीय है कि इसी सप्ताह कोतवाली पुलिस ने नरेन्द्र उर्फ निखिल निर्मलकर और खिलेश उर्फ सोनू देवांगन को 1.5 ग्राम हेरोइन, बिक्री रकम तथा इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन समेत कुल लगभग 48,000 रुपये की सामग्री के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान मिले पुख्ता इनपुट ने इस नई कार्रवाई को संभव बनाया।
एसपी धमतरी ने सभी थाना प्रभारियों को नशे के अवैध नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं, जिसके तहत पुलिस विभाग जिले में नशे के कारोबारियों पर कड़ा शिकंजा कस रहा है।
