धमतरी/छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती एवं सेवा पखवाड़ा महोत्सव के अंतर्गत रविवार को धमतरी में समाज कल्याण विभाग द्वारा नमो मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस मैराथन की शुरुआत सुबह 7 बजे गांधी चौक से हुई और समापन घड़ी चौक पर हुआ।

मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा ने मैराथन को संबोधित करते हुए कहा नशा समाज और परिवार दोनों के लिए अभिशाप है। इसे दूर करने के लिए केवल व्यक्तिगत प्रयास ही नहीं, बल्कि सामूहिक जागरूकता और भागीदारी जरूरी है। इस मैराथन के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ और नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करना ही हमारा उद्देश्य है।
इस अवसर पर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन, महेंद्र पंडित, प्राप्ति वाशानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों और नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

प्रतियोगिता में युवाओं का उत्साह देखने लायक था। विजेताओं को सम्मानित करने के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए थे। प्रथम स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को 3 हजार रुपए, द्वितीय स्थान पर 2 हजार रुपए तथा तृतीय स्थान पर आने वाले को 1 हजार रुपए नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।

समाज कल्याण विभाग की उप संचालक डॉ. मनीषा ने कहा कि यह आयोजन केवल खेलकूद प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक बदलाव का संदेश है। नशा मुक्ति मैराथन से जिले में नई सोच, जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा।

