indianjagran.in
धमतरी

नगरी के युवाओं को अग्निवीर बनने की राह पर प्रशासन का मजबूत साथ

धमतरी/नगरी विकासखंड के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती की तैयारी अब और भी सशक्त हो गई है। आगामी जनवरी माह में प्रस्तावित अग्निवीर भर्ती रैली को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा निःशुल्क फिजिकल एवं मेडिकल प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। यह प्रशिक्षण 16 दिसंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे से 8:00 बजे तक ग्राम डमका डीह खेल मैदान, नगरी में आयोजित किया जा रहा है।

इस विशेष पहल का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक, मानसिक एवं तकनीकी रूप से भर्ती प्रक्रिया के लिए पूरी तरह तैयार करना है। प्रशिक्षण में वे अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है, साथ ही वे युवा भी इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं जो भविष्य में अग्निवीर बनने का सपना संजोए हुए हैं।

प्रशिक्षण का संचालन सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी  मोहर लाल पटेल एवं अनुभवी व्यायाम शिक्षकों  खेमराज साहू,  अशोक गजबल्ला और  कमलेश साहू द्वारा किया जा रहा है। यहां अभ्यर्थियों को अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क, स्टोर कीपर एवं ट्रेड्समैन श्रेणियों से संबंधित फिजिकल टेस्ट, मेडिकल जांच तथा भर्ती की अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि शासकीय कॉलेज नगरी में आयोजित एक सेमिनार के दौरान युवाओं ने नियमित फिजिकल प्रशिक्षण की मांग उठाई थी। इसी मांग को गंभीरता से लेते हुए माननीय जिला कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए नोडल अधिकारी के रूप में  रोहित बोरझा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नगरी तथा सहायक नोडल अधिकारी के रूप में  के.आर. साहू, बीईओ नगरी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में इस निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठाएं, ताकि अग्निवीर भर्ती में नगरी ब्लॉक सहित पूरे जिले का सफलता प्रतिशत और बेहतर हो सके। अधिक जानकारी के लिए मुख्य प्रशिक्षक  मोहर लाल पटेल (मोबाइल: 9575214487) से संपर्क किया जा सकता है।

Related posts