
धमतरी। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कोलियारी क्षेत्र में एक सराहनीय कदम उठाया गया। यहां पर्यावरण प्रेमियों द्वारा 25 मूंगा के पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया। पौधा वितरण कार्यक्रम पूरी तरह से व्यक्तिगत स्तर पर किया गया, जहां समाजसेवी वैभव जगने और प्रेम शंकर चौबे ने अपने स्वयं के खर्च पर पौधे उपलब्ध कराए।
समाजसेवियों ने स्थानीय लोगों को पर्यावरण का महत्व समझाते हुए बताया गया कि वृक्ष हमारे जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं। प्रदूषण को नियंत्रित करने और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में पेड़-पौधे अहम भूमिका निभाते हैं। इस दौरान समाजसेवियों ने लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखरेख की जिम्मेदारी भी निभाए।

पौधा वितरण से ग्रामीणों में जागरूकता का संदेश पहुंचा और उन्होंने भी इस अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वैभव जगने और प्रेम शंकर चौबे ने कहा कि यदि हर कोई अपनी जिम्मेदारी समझकर पौधारोपण करे तो आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण मिल सकेगा।

गांव के लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कदम समाज को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करेंगे। निश्चित ही इस प्रकार के प्रयास धमतरी क्षेत्र को हरियाली की ओर ले जाने में सहायक होंगे।
