धमतरी/शहर में अग्रवाल समाज इन दिनों एक ऐसे विशेष आयोजन की तैयारियों में व्यस्त है, जो धर्म, संस्कृति और सेवा का संगम है – श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव 2025-26। यह भव्य महोत्सव इस बार भी श्री अग्रवाल नवयुवक समिति के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। भगवान श्री अग्रसेन जी के आदर्शों और उनके जीवन मूल्य की गूँज समाज के हर सदस्य तक पहुँच रही है और समाज के भीतर उत्साह की लहर दौड़ रही है।
गौरतलब है कि दस दिवसीय महोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अग्रवाल समाज की संस्कृति, एकता और सामाजिक सेवा का उत्सव है। समाज के हर वर्ग – युवा, महिलाएँ और वरिष्ठजन – इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
महाराज श्री अग्रसेन जी के आदर्श
महाराज अग्रसेन जी का जीवन अहिंसा, सहयोग और न्यायप्रिय शासन का प्रतीक रहा है। उन्होंने “एक रुपया और एक ईंट” की अनूठी परंपरा शुरू की थी ताकि हर नया परिवार समाज से सहारा पाकर अपनी पहचान बना सके। उनके ये आदर्श आज भी अग्रवाल समाज को एकजुट रहने और सेवा की राह पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
खेल और मनोरंजन का संगम
महोत्सव की शुरुआत विभिन्न खेल और प्रतियोगिताओं से हुई है। इसमें पुरुष एवं महिला वर्ग क्रिकेट मैच, कैरम, ब्लॉक डाउन, लूडो, सांप-सीढ़ी, सिलिंगो जैसे खेलों के साथ-साथ म्यूजिकल चेयर, नींबू दौड़, आनंद मेला और फ्री स्टाइल डांस प्रतियोगिता शामिल हैं। बच्चों और युवाओं के बीच खास उत्साह देखा जा रहा है, वहीं वरिष्ठजन भी खेलों में भाग लेकर महोत्सव की रौनक बढ़ा रहे हैं।

महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष प्रतियोगिताएँ
महिलाओं की रचनात्मकता और परंपरा को मंच देने के लिए कई प्रतियोगिताएँ रखी गई हैं – आरती की थाल सजाओ, फ्रूट केक (फल से केक बनाओ), जूट बैग सजाओ, सुहाग के समान से रंगोली बनाओ, सुहागी प्लेट सजाओ, कांच की बोतल सजाओ, मंडाला आर्ट, हल्दी फंक्शन की ज्वेलरी बनाओ, भुट्टे से बुके बनाओ। इसके अलावा स्वच्छता अभियान, फैंसी ड्रेस और टूटियों की ठिठोली जैसी प्रतियोगिताएँ समाज के हर आयु वर्ग को जोड़ने का काम कर रही हैं।

गौ सेवा का संकल्प
आयोजन समिति ने विशेष घोषणा की है कि 18 सितंबर को “पहली रोटी गाय की” की परंपरा को जीवित रखते हुए राष्ट्रीय गौशाला, बिलाई माता धमतरी के लिए गौ सेवा अभियान चलाया जाएगा। यह संकल्प महोत्सव को और भी पवित्र और प्रेरणादायक स्वरूप प्रदान कर रहा है।
भव्य शोभायात्रा 22 सितंबर को
महोत्सव के मुख्य दिवस 22 सितम्बर को भगवान श्री अग्रसेन जी की भव्य शोभायात्रा होगी। यह शोभायात्रा श्री रामजानकी मठ मंदिर, सदर बाजार से दोपहर 2:30 बजे प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री अग्रसेन भवन तक पहुँचेगी।
समाज पदाधिकारियों के विचार
समाज के अध्यक्ष दया राम अग्रवाल ने कहा – अग्रसेन जयंती महोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज के गौरव और संस्कृति का प्रतीक है। इसमें हर वर्ग की भागीदारी समाज में नई ऊर्जा और एकता का संचार करती है।
महिला समिति की अध्यक्ष अनीता अग्रवाल, उपाध्यक्ष कुसुम अग्रवाल, सचिव अनीता गोयल और सहसचिव प्रीति गुप्ता ने कहा – महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष प्रतियोगिताएँ समाज की शक्ति और सृजनशीलता को मंच देती हैं। यह महोत्सव हमारी परंपराओं को और मजबूत बनाता है।
नवयुवक समिति के अध्यक्ष अंकित अग्रवाल, सचिव सोमदत्त गोयल, उपाध्यक्ष अविनाश गर्ग और सहसचिव अनुज अग्रवाल ने भी कहा –यह आयोजन केवल परंपरा का पालन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को समाज की संस्कृति और सामाजिक सौहार्द की विरासत सौंपने का प्रयास है।
धमतरी में अग्रवाल समाज इन दिनों अग्रसेन महोत्सव की भव्यता से सराबोर है। समाज के हर सदस्य में उत्साह और गर्व देखने को मिल रहा है। निश्चित ही यह महोत्सव समाज के लिए नई ऊर्जा, संस्कृति और सेवा की प्रेरणा का प्रतीक बनेगा।
