indianjagran.in
धमतरी

मुख्यमंत्री के करेली बड़ी प्रवास को लेकर कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा

धमतरी/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगामी 23 सितंबर को मगरलोड विकासखंड के करेली बड़ी प्रवास को लेकर कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने कल कलेक्टरेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विभागवार तैयारियों की समीक्षा की और जिम्मेदार अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में कार्यक्रम की सफलता और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  रोमा श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी तथा एसडीएम  नभ कुमार कोशले को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के लिए महत्वपूर्ण है, अतः सभी विभाग गंभीरता और जिम्मेदारी से कार्य करें।

उन्होंने हेलीपैड निर्माण, मंच एवं पंडाल सज्जा, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, यातायात और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। सुरक्षा प्रबंधन और आम नागरिकों की सुविधा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही, बारिश की संभावना को देखते हुए वॉटरप्रूफ टेंट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए अलग मंच तैयार करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री का प्रवास जिले की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का अवसर है। इसलिए सभी विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं का प्रभावी प्रदर्शन करें और समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करें।

 

 

Related posts