indianjagran.in
नगर निगम धमतरीपुलिस विभाग

नगर निगम कार्यालय में हुआ साइबर जागरूकता कार्यक्रम,धमतरी पुलिस ने बताए ठगी से बचने के तरीके, महापौर ने की सतर्क रहने की अपील

धमतरी/ साइबर अपराधों से बचाव के लिए धमतरी पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में  नगर निगम कार्यालय में एक विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर जगदीश रामू रोहरा, सभी वार्ड पार्षद और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

साइबर तकनीकी सेल प्रभारी ने बताया कि ठग अब फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर धमकी देने, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर वीडियो कॉल कर वसूली करने और विभिन्न योजनाओं के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर पैसों की ठगी जैसे नए तरीके अपना रहे हैं। हाल के दिनों में महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर भी कई धोखाधड़ी के मामले सामने आए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इंस्टाग्राम या फेसबुक अकाउंट हैक हो जाने पर तुरंत पासवर्ड बदलें, मोबाइल चोरी होने पर CEIR पोर्टल से डिवाइस ब्लॉक कराएं और अनजान लिंक पर क्लिक न करें। उन्होंने साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने में शिकायत करने की अपील भी की।

महापौर रामू रोहरा ने कार्यक्रम के अंत में कहा साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा हथियार जागरूकता है। हमें खुद भी सतर्क रहना होगा और दूसरों को भी जागरूक करना होगा।

Related posts