बगदेही स्कूल में छात्रों को दी गई साइबर सुरक्षा और महिला संरक्षण की सीख
धमतरी/धमतरी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता अभियान के तहत शासकीय माध्यमिक शाला बगदेही में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धमतरी पुलिस की शक्ति टीम और थाना कुरूद का स्टाफ मौजूद रहा।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने, साइबर अपराध से सतर्क रहने और महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। बच्चों को नशे के दुष्परिणाम, ऑनलाइन फ्रॉड और सोशल मीडिया पर सतर्कता के उपाय विस्तार से बताए गए। वहीं छात्राओं को उनके अधिकारों और आत्मरक्षा के तरीकों के साथ “डरो नहीं, रिपोर्ट करो” का संदेश देकर आत्मविश्वास से भरने की प्रेरणा दी गई।
छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और कई सवाल पूछकर समाधान भी प्राप्त किए। इस मौके पर पुलिस टीम ने हेल्पलाइन नंबरों और त्वरित संपर्क के आसान माध्यमों की जानकारी भी साझा की।
धमतरी पुलिस का कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को कम उम्र से ही सजग, जागरूक और आत्मनिर्भर नागरिक बनाना है। यह अभियान जिले के अन्य विद्यालयों में भी लगातार जारी रहेगा।


