indianjagran.in
धमतरी

मां रानी सती दरबार से उठी खुशियों की डोली, सैकड़ों श्रद्धालुओं के सहयोग से हुआ कन्या विवाह

धमतरी/नारायणी धाम श्री रानी सती मंदिर, धमतरी में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मां रानी सती जी की असीम कृपा एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से सेवा योग्य कन्या विवाह का पावन आयोजन अत्यंत भव्यता, श्रद्धा और उल्लास के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण, वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिभाव के बीच एक बेटी के जीवन की नई शुरुआत का साक्षी बना यह आयोजन सेवा, समर्पण और संस्कारों की अनुपम मिसाल बन गया।

इस पुण्य कार्य में समाज के अनेक दानदाताओं एवं श्रद्धालुओं ने तन-मन-धन से सहयोग प्रदान कर बेटी के गृहस्थ जीवन को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कन्यादान का पावन दायित्व श्याम सुंदर अग्रवाल एवं शकुन अग्रवाल ने निभाया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने अत्यंत भावुकता और श्रद्धा के साथ देखा।
विवाह के लिए आवश्यक घरेलू सामग्री, फर्नीचर, वस्त्र, गैस चूल्हा, अलमारी, कूलर, पलंग, गद्दे, डिनर सेट सहित अनेक उपयोगी वस्तुएं विभिन्न परिवारों एवं सामाजिक समूहों द्वारा भेंट की गईं। कई श्रद्धालुओं ने गुप्त रूप से सहयोग किया।

इस आयोजन में घरौंदा परिवार, ओम शर्मा-भारती शर्मा, आन मिलो सखी ग्रुप, विजय गिनोरिया परिवार, विमल अग्रवाल परिवार, अमिता-सुरेश गोयल, विजय-विकास अग्रवाल, मनीष-लता अग्रवाल, सोनू-रितेश गोयल, रमेश-चांद लाट, कमल-सरिता अग्रवाल, राम प्रकाश-सुशील अग्रवाल, राजा राम-अनीता दीवान, कांता गोयल, गोपाल भैया-आशा भाभी, निर्मल अग्रवाल, अनीश सिंह ठाकुर, राधा बजरंग अग्रवाल परिवार, कन्हैया लाल-रेनू दीवान, सतीश-सरिता सिंघल, कैलाश रंजन जयपुरिया, मोहन अग्रवाल (इंडियन गैस), सखी सहेली ग्रुप, अजय-पायल गोयल, बालाजी मार्बल, आर.एल. परिवार, गुंजन प्रजापति, पंकज-प्रियंका शर्मा, दिलीप-रजनी बंसल सहित अनेक श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।

मंदिर समिति ने बताया कि “एक बेटी के विवाह में सहयोग करना सबसे बड़ा पुण्य है। यह केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा है।” पूरे कार्यक्रम में भक्ति गीतों, मंगल ध्वनियों और आशीर्वाद के साथ बेटी को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। अंत में नारायणी धाम श्री रानी सती मंदिर परिवार ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए मां भगवती से सभी के परिवारों की सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की।

Related posts