indianjagran.in
धमतरी

धमतरी कांग्रेस कमेटी : ब्लॉक अध्यक्ष की रेस में बढ़ी सरगर्मी, क्या रिपीट होंगे वर्तमान अध्यक्ष या बदलेंगे चेहरे?

धमतरी/ जिला कांग्रेस कमेटी में इस समय सबसे बड़ी चर्चा का विषय है – शहर ब्लॉक 1 व ब्लॉक 2 अध्यक्ष की कुर्सी। संगठन के भीतर से लेकर कार्यकर्ताओं की बैठकों तक, हर जगह एक ही सवाल गूंज रहा है कि क्या इस बार वर्तमान ब्लॉक अध्यक्षों पर ही भरोसा जताया जाएगा या फिर नए चेहरे की एंट्री से समीकरण पूरी तरह बदल जाएंगे।

कांग्रेस की राजनीति में ब्लॉक अध्यक्ष का पद बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि यही वह कड़ी है, जहां से शहर की 40 वार्डों  की बूथ लेवल तक संगठन की मजबूती तय होती है। यही कारण है कि इन पदों को लेकर राजनीतिक हलचल लगातार तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि वर्तमान दोनों ब्लॉक अध्यक्षों ने अपने-अपने स्तर पर दमखम दिखाते हुए फिर से संगठन को साधने का प्रयास शुरू कर दिया है। उनके समर्थकों का कहना है कि पिछले कार्यकाल में संगठन को मजबूती देने और कार्यकर्ताओं को जोड़ने का काम उन्होंने ही किया है, लिहाजा उन्हें ही दोबारा मौका मिलना चाहिए।

वहीं दूसरी ओर, कई कार्यकर्ता मानते हैं कि संगठन को नई ऊर्जा देने और चुनावी रणनीति को धारदार बनाने के लिए अब बदलाव जरूरी है। पार्टी हाईकमान और जिला स्तर पर भी इस मसले को लेकर मंथन जारी है। जानकारों का कहना है कि इस बार का फैसला बेहद चौंकाने वाला हो सकता है, क्योंकि हाईकमान हार-जीत के साथ-साथ संगठन की सक्रियता और निष्ठा को भी कसौटी पर परखेगा।

कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ब्लॉक 1 से 2 नेताओं ने और ब्लॉक 2 से 3 नेताओं ने दावेदारी की है। इन्हीं नामों में से संगठन को नया नेतृत्व मिलेगा। लेकिन अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ही करेगा, और यही फैसला जिले की कांग्रेस राजनीति में आने वाले वर्षों की दिशा तय करेगा।

कुल मिलाकर, धमतरी जिला कांग्रेस कमेटी में इस समय ब्लॉक अध्यक्ष की रेस ने माहौल पूरी तरह गर्मा दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ता सांसें थामे इंतजार कर रहे हैं कि क्या पार्टी पुराने भरोसे को कायम रखेगी या फिर बदलाव की आंधी चलाकर नए नेतृत्व के साथ आगे बढ़ेगी। इतना तय है कि जब ऐलान होगा, तो धमतरी कांग्रेस की राजनीति में भूचाल आना तय है।

Related posts