
धमतरी। पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में स्थानीय समाजसेवी वैभव जगने ने जंगलों में पिकनिक मनाने आने वाले पर्यटकों से विशेष आग्रह किया है कि वे जंगल की स्वच्छता बनाए रखें और वहां कचरा न फैलाएं।
उन्होंने कहा कि अक्सर देखा गया है कि लोग पिकनिक या सैर-सपाटे के दौरान प्लास्टिक की बोतलें, खाने-पीने का बचा हुआ सामान और अन्य कचरा जंगल में फेंक देते हैं। यह कचरा वहां मौजूद जीव-जंतुओं के लिए घातक साबित होता है। कई बार जानवर इन्हें खा लेते हैं, जिससे उनकी मृत्यु तक हो जाती है।
वैभव जगने ने लोगों से अपील की है कि वे जंगल को अपनी धरोहर समझें और उसकी सुरक्षा को अपना कर्तव्य मानें। उनका कहना है कि यदि हर व्यक्ति थोड़ी सी जिम्मेदारी दिखाए और कचरे को वापस साथ लेकर आए या निर्धारित स्थान पर ही डाले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।
उन्होंने कहा – जंगल हमारा है, इसकी साफ-सफाई बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। पर्यावरण की रक्षा करना न केवल आज की जरूरत है बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए भी अनिवार्य है।
