धमतरी/धमतरी शहर में 13 मई 2025 की रात बरड़िया ज्वेलर्स में हुई गोलीकांड एवं डकैती प्रयास की गुत्थी को धमतरी पुलिस ने सटीक तकनीकी विश्लेषण और लगातार मॉनिटरिंग के दम पर सुलझा लिया है। इस मामले में दो कुख्यात अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है।
कैसे खोला गया मामला – पुलिस की रणनीति और सूझबूझ
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार स्वयं मौके पर पहुंचे और विशेष टीम गठित कर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
सायबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीमों ने—
सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले
संदिग्धों के फोटो और क्लिप विभिन्न चैनलों के जरिए प्रसारित किए
टेक्निकल इन्वेस्टिगेशन से लोकेशन ट्रेस की
मुखबिरों को सक्रिय किया
आरोपियों के ट्रैवल रूट की श्रृंखला तैयार की
इसके बाद धमतरी पुलिस की अलग-अलग टीमें महाराष्ट्र के गोवा, नागपुर और छत्तीसगढ़ के रायगढ़ तक रवाना की गईं।

घटना का संक्षिप्त विवरण
13.05.2025 की रात लगभग 8:30 बजे दो नकाबपोश युवक रायपुर रोड स्थित बरड़िया ज्वेलर्स में घुसे। शटर बंद कर ज्वेलर्स संचालक भंवरलाल बरड़िया को पिस्टल दिखाकर लूटने का प्रयास किया। इसी दौरान संचालक की पुत्री आवाज सुनकर कमरे से बाहर आई, जिस पर आरोपियों ने पिस्टल से फायर कर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 123/25 दर्ज किया गया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई – पुलिस का कई राज्यों तक पीछा
पहला आरोपी – नागपुर से गिरफ्तार
मुखबिर सूचना पर गोवा से भिंड (MP) भागने की फिराक में चल रहे आरोपी को पुलिस ने नागपुर से पकड़ लिया। उसने अपना नाम कुंअर सिंह बताया और वारदात में तीन लोग शामिल होने की बात कबूल की।
दूसरा आरोपी – रायगढ़ से पकड़ा गया
दूसरी टीम ने रायगढ़ में दबिश देकर अमरपाल सिंह नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने भी वारदात में शामिल तीनों लोगों की पुष्टि की।
अपराधियों का नेटवर्क और तरीका
तीनों आरोपी भिंड (म.प्र.) के रहने वाले हैं और फ्लाई ऐश ट्रक लेकर धमतरी-रायपुर क्षेत्र में आना-जाना करते थे।
इसी दौरान उन्होंने ज्वेलर्स दुकान की रेकी की और पूर्व-योजना के अनुसार घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद लगातार राज्यों में ठिकाने बदलते रहे, मोबाइल बदलते रहे और मीडिया के माध्यम से पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखते रहे।लेकिन पुलिस की सतत तकनीकी निगरानी और अथक प्रयासों ने अंततः उन्हें घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।
आरोपी विवरण
1. कुंअर सिंह भदोरिया
उम्र 31 वर्ष, निवासी इंगुरी, जिला भिंड (म.प्र.)
2. अमरपाल सिंह
उम्र 30 वर्ष, निवासी मसूरी लहर, जिला भिंड (म.प्र.)
बरामदगी
01 नग एयर पिस्टल,एयर पिस्टल के छर्रे
धमतरी पुलिस की बड़ी सफलता
बरड़िया ज्वेलर्स के संचालक भंवरलाल बरड़िया ने धमतरी पुलिस के त्वरित, तकनीकी और साहसिक कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।
धमतरी पुलिस का यह प्रयास न केवल अपराधियों को कानून के शिकंजे तक लाया है, बल्कि शहरवासियों में सुरक्षा का विश्वास भी मजबूत किया है।
