indianjagran.in
नगर निगम धमतरी

बस स्टैंड परिसर में निगम की बड़ी कार्रवाई – अतिक्रमण हटाया, दुकानों को किया व्यवस्थित

धमतरी। नगर निगम धमतरी ने गुरुवार को बस स्टैंड परिसर में अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की। लंबे समय से दुकानदार अपनी दुकानों के सामने अतिरिक्त सामान रखकर मार्ग अवरुद्ध कर रहे थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और आम नागरिकों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ रही थी।

नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुँचकर दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटवाया और संचालकों को चेतावनी देते हुए व्यवस्थित ढंग से दुकान लगाने के निर्देश दिए। समझाइश के बाद भी नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि किसी भी दुकान संचालक द्वारा दोबारा अतिक्रमण किया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी, साथ ही दुकान का आबंटन भी निरस्त किया जा सकता है।

आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि शहर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगम लगातार अतिक्रमण विरोधी अभियान चला रहा है। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की कि सभी सहयोग करें और निर्धारित स्थान पर ही दुकानें संचालित करें। उपायुक्त पीसी सार्वा ने भी दुकानों को व्यवस्थित रूप से लगाने के निर्देश दिए, ताकि बस स्टैंड परिसर साफ-सुथरा, सुंदर और कचरा मुक्त बना रहे।

गौरतलब है कि हाल ही में बस स्टैंड का निरीक्षण निगम, पुलिस, यातायात एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था। इसमें तय किया गया था कि अनावश्यक रूप से खड़ी बसों को समीपस्थ पार्किंग स्थल में रखा जाएगा और बस स्टैंड में केवल उन्हीं बसों को प्रवेश मिलेगा जिनका नंबर लगा होगा। इसके बाद से बस स्टैंड परिसर को व्यवस्थित करने की पहल तेज कर दी गई है।

कल की कार्यवाही से बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था काफी हद तक सुचारु हुई है और यात्रियों व आम नागरिकों को राहत मिली है। नगर निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियम विरुद्ध अतिक्रमण करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

Related posts