धमतरी/ नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा रजत जयंती 2025 एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत गांधी मैदान में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्व-सहायता समूह (SHG) की महिला सदस्यों सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सामूहिक रूप से स्वच्छता शपथ ली।

महापौर रामू रोहरा की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में नागरिकों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया गया और जनभागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। सभी उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे अपने घर, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखेंगे तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य विभा चंद्राकर, पार्षद चंद्रभागा साहू, कुलेश सोनी, शिवा प्रधान रेडक्रॉस, निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
महापौर ने कहा कि स्वच्छता को आदत और जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है क्योंकि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की नींव है।अंत में नगर निगम प्रशासन ने सभी नागरिकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अपील की कि वे इस अभियान में निरंतर सहयोग देते रहें, ताकि “स्वच्छ धमतरी, स्वस्थ धमतरी” का संकल्प सफल हो सके।





