indianjagran.in
धमतरी

धमतरी जिले में पात्र छात्राओं को मिल रहा सरस्वती साइकिल योजना का लाभ

नगरी में 2,184 और मगरलोड में 218 छात्राओं को साइकिल वितरित, कुरुद व धमतरी ब्लॉक में असेंबल कार्य जारी

धमतरी/राज्य शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना का लाभ अब धमतरी जिले की पात्र छात्राओं तक तेजी से पहुंच रहा है। इस योजना के अंतर्गत अभी तक नगरी विकासखंड में 2,184 और मगरलोड में 218 छात्राओं को साइकिलें वितरित की जा चुकी हैं। वहीं, कुरुद और धमतरी ब्लॉक में असेंबल और परीक्षण कार्य जारी है, जिसके बाद जल्द ही वहां की छात्राओं को भी साइकिलें उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिला शिक्षा अधिकारी देवेश सूर्यवंशी ने जानकारी दी कि पौने दो साल की अवधि में जिले की 3,638 पात्र छात्राओं को साइकिल वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए निर्माता कंपनी द्वारा चरणबद्ध तरीके से असेंबल और ब्लॉक स्तरीय परीक्षण किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक साइकिल की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित हो सके।

कलेक्टर अभिनाश मिश्रा ने कहा कि शासन की यह योजना छात्राओं के लिए शिक्षा में निरंतरता बनाए रखने की बड़ी सुविधा है। साइकिल मिलने से विद्यालय आने-जाने में लगने वाला समय और परिश्रम दोनों कम होंगे, जिससे बालिकाओं की पढ़ाई बाधित नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तय समयसीमा के भीतर सभी पात्र छात्राओं तक साइकिलें पहुंचाई जाएं।

गौरतलब है कि शासकीय एवं अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, जनजाति एवं बी.पी.एल. परिवारों की छात्राओं को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित साइकिल मिलने से बालिका शिक्षा को नई दिशा और प्रोत्साहन मिल रहा है।

 

Related posts