indianjagran.in
धमतरी

नापसंद आवाज से तालियों की गड़गड़ाहट तक – जीतु जैन की सफलता की कहानी

धमतरी/मेहनत और लगन अगर सच्चे मन से की जाए, तो सफलता अवश्य मिलती है। इसी कहावत को चरितार्थ किया है भखारा निवासी गायक एवं कलाकार जीतु जैन ने, जिन्होंने अपने संघर्ष और अथक प्रयास से आज छत्तीसगढ़ के कई जिलों तक अपनी एक अलग पहचान बना ली है।

जीतु जैन संगीत के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। उन्होंने भखारा समेत आसपास के इलाकों में अपनी सुरीली आवाज और शानदार प्रस्तुति से लोगों का दिल जीता है। संगीत के प्रति उनके जुनून और निरंतर अभ्यास ने उन्हें आज उस मुकाम तक पहुँचाया है, जहाँ लोग उन्हें मंच पर सुनने के लिए बेसब्री से इंतजार करते हैं।

शुरुआत के दिनों में जीतु को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। एक बार कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच से खुद कहा था कि उनकी आवाज किसी को पसंद नहीं आ रही थी और कार्यक्रम बीच में रोकना पड़ा था। लेकिन उसी दिन उन्होंने मन ही मन ठान लिया कि जिस आवाज को दर्शक पसंद नहीं कर रहे, उसी आवाज को मेहनत और साधना से निखारकर मंच तक पहुँचाना है। इसके बाद उन्होंने लगातार अभ्यास किया और समय के साथ उनकी मेहनत रंग लाई।

आज स्थिति यह है कि शादी-ब्याह, जन्मदिन, धार्मिक कार्यक्रम और बड़े आयोजनों में उनकी मांग सबसे अधिक रहती है। भखारा से शुरुआत करने वाले जीतु जैन ने अपनी गायकी और प्रस्तुति से न केवल धमतरी बल्कि रायपुर, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, महासमुंद, नारायणपुर, गरियाबंद, खैरागढ़ सहित प्रदेश के कई जिलों में अपनी पहचान बनाई है।

नवकार म्यूजिकल ग्रुप के बैनर तले वे लगातार भजन, सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे हैं। खासतौर पर उनकी भक्ति गीतों और भजनों ने दर्शकों को गहराई तक प्रभावित किया है। उनके कार्यक्रमों में दर्शक झूम उठते हैं और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा माहौल गूंज उठता है।

जीतू जैन का मानना है कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। मेहनत, लगन और आत्मविश्वास ही वह हथियार हैं, जिनसे हर मंजिल पाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि अगर इंसान ठान ले तो असफलता केवल सीढ़ी बनकर रह जाती है और मंजिल पाना निश्चित हो जाता है।

आज भखारा के लोग उन्हें गर्व से अपना कलाकार कहते हैं। जीतु जैन न केवल एक गायक के रूप में बल्कि एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व के तौर पर भी उभरे हैं, जो यह संदेश देते हैं कि मेहनत एक दिन जरूर रंग लाती है।

Related posts