
धमतरी/ जिले में गणेश उत्सव का समापन इस बार भी भव्यता, श्रद्धा और सौहार्द के वातावरण में हुआ। जिलेभर में हजारों प्रतिमाओं का विसर्जन सम्पन्न हुआ। अकेले रूद्री बैराज में 117 बड़ी और करीब 542 छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

पुलिस की सख्त सुरक्षा, जनता का अनुशासन
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में संपूर्ण जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। हर रूट पर पुलिस बल, यातायात पुलिस, महिला बल और सादे वर्दी में जवान तैनात रहे। ड्रोन कैमरा, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी से चौबीसों घंटे निगरानी रखी गई। लगातार 2 दिन और 2 रात ड्यूटी कर पुलिस जवानों ने अभूतपूर्व मुस्तैदी का परिचय दिया।
शांतिपूर्ण माहौल, श्रद्धा का सागर
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद कहीं भी अव्यवस्था, चाकूबाजी, पाकेटमारी या भगदड़ जैसी कोई घटना नहीं हुई। संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले रास्तों से झांकियों का सुरक्षित गुजरना पुलिस की सख्त निगरानी और जनता के अनुशासन का ही नतीजा रहा।

तैयारी बनी सफलता की कुंजी
आयोजन से पहले ही पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर कार्यवाही और नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया था। इसका सीधा असर देखने को मिला और पूरा आयोजन शांतिपूर्ण व सुरक्षित रहा।

संयुक्त प्रयास का नतीजा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चन्द्रा, शैलेन्द्र पांडेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीएम पियुष तिवारी, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा सहित पुलिस, नगर निगम व राजस्व विभाग की टीम ने मिलकर आयोजन को सफल बनाया।

लगातार सफलता की कड़ी
धमतरी पुलिस ने इस वर्ष जगन्नाथ रथयात्रा, जन्माष्टमी, स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन और ईद जैसे बड़े आयोजनों को भी सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया था। गणेश उत्सव का निर्विघ्न समापन इस श्रृंखला की एक और बड़ी उपलब्धि है।
