धमतरी/ इस बार धमतरी का दशहरा न सिर्फ भव्य बल्कि यादगार भी होने वाला है। 40 फीट ऊंचे रावण का वध भगवान श्रीराम के बाण से होगा, जो सीधे रावण के नाभि चक्र पर लगेगा। वार लगते ही रावण के मुंह से आग निकलेगी और देखते ही देखते पुतला धधक उठेगा।

रावण पुतला तैयार कर रहे प्रहलाद कुंभकार, जो पैरों से दिव्यांग हैं, ने अदम्य हौसले से इस बार समय से पहले ही रावण को खड़ा करने की तैयारी पूरी कर ली है। पुतले का हर हिस्सा बारीकी से तैयार किया गया है। वहीं 2 साल बाद अछोटा की रामलीला मंडली भी मंचन करने आ रही है, जिसका इंतजार धमतरीवासी बेसब्री से कर रहे हैं।
नगर निगम की व्यापक तैयारियां
दशहरा मैदान और रुद्री विसर्जन घाट पर नगर निगम ने सुरक्षा व व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी संभाल ली है। महापौर रामू रोहरा, सभापति कौशल्या देवांगन व पार्षदों ने खुद मैदान का निरीक्षण किया। आयुक्त प्रिया गोयल ने नोडल अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी सौंप दी है।
आतिशबाजी से सजेगी रात
रावण दहन के तुरंत बाद आसमान जगमगा उठेगा। पांच सितारा चक्कर, बिन बादल बरसात, नवरंग चक्कर, सूरजमुखी, गोल्डन सेहरा, नीली बरसात जैसी आतिशबाजियां इस बार दशहरा को खास रंग देंगी। धमतरी का दशहरा इस बार सिर्फ दहन नहीं बल्कि एक यादगार नजारा बनने जा रहा है।



