indianjagran.in
धमतरी

धमतरी में आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल सफल

राहत कार्यों और विभागीय समन्वय की परखी गई तैयारियाँ

धमतरी/छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर जिले में आज आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। रूद्री स्थित श्री खूबचंद बघेल बैराज परिसर में सुबह 10.30 बजे शुरू हुई इस ड्रिल का उद्देश्य आपात स्थिति में प्रशासनिक तैयारियों, त्वरित राहत कार्यों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की परख करना था।

आपदा परिदृश्य की घोषणा होते ही जिला प्रशासन और संबंधित विभाग सक्रिय हुए। राहत शिविर, स्वास्थ्य शिविर और भोजन वितरण केंद्रों की व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। लाइफ गार्ड टीम ने टापू में फंसे लोगों को निकालने, डूबते व्यक्ति को बचाने और सीमित साधनों से राहत कार्य का प्रदर्शन किया। टीम ने आस्का लाइट, लाइफ बोट, लाइफ जैकेट, वॉकी-टॉकी सहित विभिन्न उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी।

ऑनलाइन जुड़े रायपुर स्थित आपदा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान सिविल डिफेंस दल, स्वास्थ्य विभाग, जल संसाधन विभाग और पंचायत स्तर की टीमों ने राहत एवं बचाव की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया।

अभ्यास में विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्रामीणजन और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मॉक ड्रिल के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन त्वरित व प्रभावी कार्यवाही कर सके। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे संकट की घड़ी में धैर्य बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

Related posts