धमतरी/ग्राम सेमरा बी में दस दिन पूर्व हुई मारपीट के बाद युवक की मौत के मामले में धमतरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस प्रकरण में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिससे मामले का पटाक्षेप माना जा रहा है।
एसपी धमतरी के निर्देश पर थाना कुरूद पुलिस द्वारा त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी मनीष साहू उर्फ मनी रोकड़ा एवं सत्यम साहू को धरदबोचा गया। इससे पहले इस मामले में तीन आरोपी तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेजा जा चुका है।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार 7 दिसंबर 2025 की रात लगभग 10 बजे ग्राम सेमरा बी में तालाब किनारे गाली-गलौज हो रही थी। इसका विरोध करने पर 23 वर्षीय रोहित कुमार नाग पर आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे पकड़कर हाथ-मुक्कों, लोहे के पाइप और चाकू से बेरहमी से पीटा। बीच-बचाव के लिए पहुंचे परिजनों को एयर पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
गंभीर रूप से घायल रोहित नाग को इलाज के लिए धमतरी के किशन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 8 दिसंबर की रात करीब 2 बजे उसकी मौत हो गई।
कानूनी कार्रवाई
मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम एवं जांच के बाद पुलिस ने मामले में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। विवेचना के दौरान आरोपियों से घटना में प्रयुक्त सामग्री भी जब्त की गई।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी चंद्रशेखर उर्फ जॉनी साहू एवं झन्नु ध्रुव को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है, वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
