धमतरी/छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना रजत जयंती समारोह के अवसर पर बी.सी.एस. शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धमतरी में रोजगार मेला का भव्य आयोजन किया गया। नवीन भवन सेमिनार हॉल में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को रोजगारपरक मार्गदर्शन देना और उन्हें विभिन्न कंपनियों में अवसर उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य विनोद पाठक एवं प्रभारी प्लेसमेंट सेल प्रो. गोविन्द साहू ने किया। इस अवसर पर प्रो. साहू ने रोजगार परक शिक्षा के महत्व पर जोर दिया, वहीं रजत जयंती समारोह की प्रभारी डॉ. हेमवती ठाकुर ने छत्तीसगढ़ राज्य की उपलब्धियों और विकास यात्रा पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथियों ने छात्रों को विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध अवसरों से अवगत कराया। घनाराम नागरची (एलर्ट एस.जी.एस. प्रा. लि. रायपुर), बृजेश तिवारी (शिव शक्ति समूह—पुष्कल एग्रो कंपनी), शेखर भट्टाचार्य (भारतीय स्टेट बैंक लाइफ इंश्योरेंस) और डॉ. दुर्गा त्रिपाठी (प्रिज्म समूह संस्था भिलाई) ने विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

चयन प्रक्रिया के दौरान शिव शक्ति समूह में 28, एलर्ट एस.जी.एस. प्रा. लि. में 10, टैंगो सिक्योरिटी प्रा. लि. में 26 और भारतीय स्टेट बैंक लाइफ इंश्योरेंस में 40 छात्रों ने पंजीयन कराया। इनमें से एलर्ट एस.जी.एस. प्रा. लि. ने 10 छात्रों, टैंगो सिक्योरिटी ने 2 छात्रों, एग्रोंटेक लिमिटेड धमतरी ने 9 छात्रों तथा भारतीय स्टेट बैंक लाइफ इंश्योरेंस ने 30 छात्रों का चयन किया। कुल 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने इस रोजगार मेला में हिस्सा लिया।
