indianjagran.in
धमतरी

ग्रामीणों की सतर्कता और धमतरी पुलिस की तत्परता से बची नवजात की जान

इंसानियत की मिसाल: सड़क किनारे मिला लावारिस शिशु अब सुरक्षित

धमतरी/मगरलोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत भेंड्री गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने ग्रामीणों को हिला दिया। खेत की ओर जाते समय ग्रामीणों ने सड़क किनारे रखे लाल रंग के धमेले से नवजात शिशु के रोने की आवाज सुनी। आवाज सुनते ही ग्रामीणों ने जब धमेले को खोला, तो भीतर एक मासूम नवजात बच्चा मिला।

तुरंत सूचना करेली बड़ी चौकी प्रभारी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुँची और इंसानियत का परिचय देते हुए गाँव की मितानिन को बुलाया। मितानिन ने मौके पर बच्चे की स्थिति जांची और तत्पश्चात पुलिस ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड पहुँचाया।

डॉक्टरों ने प्रारंभिक उपचार देने के बाद बेहतर देखरेख हेतु शिशु को जिला अस्पताल धमतरी के SNCU (Special Newborn Care Unit) रेफर कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने जानकारी दी कि शिशु पूरी तरह सुरक्षित है और उसकी हालत स्थिर है। चिकित्सकों की विशेष टीम लगातार देखभाल कर रही है।

धमतरी पुलिस ने इस घटना को मानवीय संवेदनशीलता से जोड़ते हुए नागरिकों से अपील की है कि –किसी भी संदिग्ध या असामान्य परिस्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।समाज को महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों के प्रति जागरूक और सतर्क रहना चाहिए।ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता जरूरी है।

ग्रामीणों की सजगता और पुलिस की त्वरित कार्यवाही से मासूम की जान बच सकी और एक बड़ा हादसा टल गया।

Related posts