धमतरी/कभी तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा वैकल्पिक मार्ग का निर्माण अब पिछले 3 से 4 महीनों से ठप पड़ा हुआ है। तूफान चौक के पास से होते हुए विद्याकुंज स्कूल के पीछे से निकलने वाला यह मार्ग सिहावा चौक के नजदीक जुड़ने वाला है,जो लुंकड गली के ट्रैफिक दबाव को काफी हद तक कम कर सकता था।

करीब 100 मीटर का काम अधूरा रह जाने के कारण यह मार्ग उपयोग के लायक नहीं बन पाया है। सड़क की अधूरी स्थिति न केवल नागरिकों के लिए असुविधा का कारण बन रही है, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव भी बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस रूट के तैयार हो जाने से लुकंड गली मार्ग यातायात काफी हद तक सुचारु हो जाएगा। आसपास के व्यवसायों, स्कूलों,हॉस्पिटल को भी फायदा पहुंचेगा।निवासियों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से मांग की है कि अधूरे पड़े हिस्से को जल्द पूरा कर मार्ग को चालू किया जाए।
गौरतलब है कि काम का अधिकांश हिस्सा पहले ही पूरा हो चुका है, अब सिर्फ अंतिम चरण का इंतज़ार है। लेकिन प्रशासनिक लापरवाही या ठेकेदार की धीमी गति के कारण यह सड़क लोगों की उम्मीदों पर विराम लगाए हुए है।
अब देखना यह है कि कब प्रशासन इस अधूरे मार्ग की ओर ध्यान देता है और नागरिकों को उनकी लंबे समय से प्रतीक्षित सुविधा मिलती है।
