
धमतरी/ गणेशोत्सव के पावन अवसर पर महावीर गणेश उत्सव समिति तूफान चौक लाल बगीचा ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाजसेवा की मिसाल भी कायम की। समिति के सदस्यों ने सामूहिक रूप से रक्तदान कर मानवता की सेवा का प्रेरक संदेश दिया।

समिति अध्यक्ष आर्यन चंदेल ने कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान भर नहीं है, बल्कि यह अवसर समाजहित और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का भी है। उन्होंने बताया कि रक्तदान जीवन बचाने का सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और इसी सोच के साथ समिति सदस्यों ने यह पहल की।
रक्तदान करने वालों में आर्यन चंदेल, जीतू यादव, हिमांशु नाग, विक्रांत यादव, मो. सैफ खान और गौरव पटेल शामिल रहे। इन युवाओं ने अपने कार्य से यह साबित किया कि भगवान गणेश की सच्ची आराधना समाज और जरूरतमंदों की सेवा में निहित है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और समिति की इस पहल की जमकर सराहना की। समिति के पदाधिकारियों और युवाओं ने संकल्प लिया कि आने वाले समय में वे धार्मिक आयोजनों को समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़कर इसे और अधिक सार्थक बनाएंगे।
गणेशोत्सव के दौरान जहां पूरे शहर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण है, वहीं महावीर गणेश उत्सव समिति की यह सामाजिक पहल लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

