धमतरी/बसंत पंचमी के पावन अवसर पर 23 जनवरी को धमतरी स्थित श्री श्याम मंदिर में बाबा श्याम का वार्षिक उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्री श्याम मंदिर चैरिटेबल ट्रस्ट, धमतरी के तत्वावधान में भव्य श्री श्याम भजन संध्या एवं श्याम रसोई का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के समस्त श्याम प्रेमियों को सादर आमंत्रित किया गया है।
आयोजन की शुरुआत शाम 7:30 बजे से होगी, जो बाबा की इच्छा तक चलेगी। वार्षिक उत्सव के अवसर पर बाबा का अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा तथा मंदिर को फूलों से अद्वितीय रूप से सजाया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में आतिशबाजी, छप्पन भोग और श्याम रसोई शामिल हैं।
बसंत पंचमी के दिन बाबा श्याम का विशेष रूप से पीत श्रृंगार किया जाएगा। परंपरा के अनुसार, बाबा का केसरिया अंतःवस्त्र, जिसे वे पूरे वर्ष धारण करते हैं, इसी दिन बदला जाता है। उतारा गया यह पावन वस्त्र श्याम प्रेमियों को प्रसाद स्वरूप वितरित किया जाएगा। मान्यता है कि जिसे बाबा श्याम का यह केसरिया वस्त्र प्राप्त होता है, वह अत्यंत सौभाग्यशाली होता है।
भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायिका ममता अग्रवाल (भिलाई) अपने मधुर भजनों से भक्तों को श्याम भक्ति में सराबोर करेंगी। आयोजन को लेकर श्याम प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
श्री श्याम मंदिर चैरिटेबल ट्रस्ट, धमतरी ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बाबा श्याम के वार्षिक उत्सव को भव्य और सफल बनाएं।
