धमतरी/ जिला स्तरीय गुरु घासीदास लोककला महोत्सव 2025 का आयोजन आज विंध्यवासिनी मंदिर के पीछे स्थित सामुदायिक भवन धमतरी में हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस महोत्सव का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण एवं प्रोत्साहन देना है।
जिला स्तरीय इस कार्यक्रम में उत्कृष्ट पंथी नृत्य दलों ने सहभागिता की। इनमें ज्ञानधारा पंथी नृत्य दल, ग्राम मोतिमपुर (विकासखंड मगरलोड) तथा जग के अंजोर पंथी नृत्य दल, ग्राम करेठा (विकासखंड एवं जिला धमतरी) शामिल रहे। दोनों दलों के मध्य पंथी नृत्य की आकर्षक एवं अनुशासित प्रस्तुतियों के आधार पर प्रतियोगिता आयोजित की गई।
निर्णायक मंडल द्वारा किए गए मूल्यांकन में जग के अंजोर पंथी नृत्य दल, ग्राम करेठा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ज्ञानधारा पंथी नृत्य दल, ग्राम मोतिमपुर ने द्वितीय स्थान हासिल किया। दोनों दलों की प्रस्तुतियों को उपस्थित दर्शकों एवं अतिथियों द्वारा सराहा गया।
जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए ये दोनों चयनित दल 26 दिसंबर 2025 से 28 दिसंबर 2025 तक विकासखंड नवागढ़, जिला बेमेतरा में आयोजित राज्य स्तरीय गुरु घासीदास लोककला महोत्सव में भाग लेंगे। जिला प्रशासन ने प्रतिभागी दलों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की है।
Pradeep Kumar Agrawal
Indian Jagran एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो समाज, राजनीति, अर्थव्यवस्था और जनजागरण से जुड़े मुद्दों पर निष्पक्ष और सटीक समाचार प्रस्तुत करता है।
