indianjagran.in
खेल

राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिवसीय खेल महोत्सव संपन्न

धमतरी/ हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती (29 अगस्त) के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस एवं फिट इंडिया मूवमेंट अंतर्गत 29 से 31 अगस्त तक जिला मुख्यालय धमतरी में तीन दिवसीय खेल महोत्सव आयोजित हुआ। “मोर खेल, मोर गौरव” थीम पर आयोजित इस महोत्सव में दौड़, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, तीरंदाजी व शतरंज सहित कई खेलों की प्रतियोगिताएँ हुईं।

रविवार सुबह मकई गार्डन में योगाभ्यास और “संडे ऑन सायकल” थीम पर साइकिल रैली का आयोजन किया गया। महापौर श्री रामू रोहरा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली ने फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

प्रतियोगिताओं में बच्चों व महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। महापौर रोहरा ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि भाईचारे, अनुशासन और सफलता का मंत्र सिखाते हैं। फिटनेस को जीवनशैली बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नगर निगम, स्वास्थ्य व पुलिस विभाग सहित जनप्रतिनिधियों का सहयोग रहा। समापन अवसर पर प्रभारी सहायक खेल अधिकारी श्री जे.पी. देव ने सभी का आभार जताया।

Related posts