indianjagran.in
धमतरी

कुरूद को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का नया किला—सिविल अस्पताल का शिलान्यास

धमतरी/कुरूद विकासखंड मुख्यालय में स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊँचाई देने की दिशा में आज ऐतिहासिक कदम उठाया गया। स्वामी विवेकानंद इंडोर स्टेडियम परिसर में लोक स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल ने 100 बिस्तरों वाले नवीन सिविल अस्पताल (उन्नयन) भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।
लगभग 17 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से निर्माण होने वाला यह पाँच मंजिला अत्याधुनिक अस्पताल भवन आने वाले वर्षों में क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

कार्यक्रम में कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने स्वागत भाषण देते हुए कुरूद क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान लोकसभा सांसद  रूपकुमारी चौधरी कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक कुरूद  अजय चन्द्राकर ने की।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित—अरुण सार्वा अध्यक्ष जिला पंचायत धमतरी, दीपक महस्के अध्यक्ष छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड, ज्योति भानु चन्द्राकर  अध्यक्ष नगर पालिका,गीतेश्वरी साहू अध्यक्ष जनपद पंचायत कुरूद, नेहरू निषाद अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग इनके साथ ही बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे और ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।

स्थानीय नागरिकों ने कहा कि 100 बिस्तरों वाले आधुनिक सिविल अस्पताल का निर्माण कुरूद ही नहीं, पूरे क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में परिवर्तनकारी कदम साबित होगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह अस्पताल इलाज के लिए धमतरी या रायपुर जाने की जरूरत को काफी हद तक कम करेगा।

कुरूद को आज मिला है आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा उपहार, जिसका लाभ आने वाले दशक तक लाखों लोगों को मिलेगा।

Related posts